अपशिष्ट क्या होता है ?

         अपशिष्ट क्या होता है ?

मनुष्य एवं अन्य जीवों के दैनिक क्रियाकलापों के फल-स्वरुप निकलने वाले अनुपयोगी पदार्थ अपशिष्ट पदार्थ कहलाते हैं| इस प्रकार अपशिष्ट वे पदार्थ एवं वस्तु होते हैं जिनकी हमें आवश्यकता नहीं होती तथा जिनको हम फेंक देते हैं| साधारण बोलचाल की भाषा में हम इसे कचरा कहते हैं| घर, ऑफिस, कारखानों, अस्पतालों, यातायात के साधनों, खेत खलिहान ओ परमाणु केंद्रों से तरह-तरह के अपशिष्ट पदार्थ निकलते रहते हैं| यह पदार्थ ठोस, द्रव और गैस तीनों रूपों में हो सकते हैं| इन अपशिष्ट पदार्थों को प्रायः भूमि, जल- स्रोतों या वायु में विसर्जित कर दिया जाता है जिससे हमारा पर्यावरण दूषित होता है|

कचरे के प्रकार - विभिन्न स्थानों से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों को हम तीन भागों में बांट सकते हैं-

(1) ठोस अपशिष्ट 
(2) द्रव अपशिष्ट 
(3) गैसीय अपशिष्ट 

(1) ठोस अपशिष्ट -
सब्जी एवं फलों के छिलके, टूटे-फूटे बर्तन, कांच, प्लास्टिक एवं लोहे के अनुपयोगी सामान, घर एवं कारखानों से निकली राख, खेत- खलिहान से निकलने वाले विभिन्न फसलों के डंठल, एवं भूसी आदि ठोस अपशिष्ट के उदाहरण हैं |
         ठोस अपशिष्ट दो प्रकार के होते हैं- एक वे जो सड़ गल जाते हैं, जैसे- फलों एवं सब्जियों के छिलके, खराब भोजन, मनुष्य एवं जंतुओं के मल|  इस तरह के कचरे को जैविक कचरा कहते हैं| दूसरे प्रकार के अपशिष्ट वे पदार्थ हैं, जो स्वयं नष्ट नहीं होते और पर्यावरण में किसी न किसी रूप में बने रहते हैं| जैसे- कारखानों से निकला रासायनिक कचरा, पॉलीथिन, प्लास्टिक, धातु के टुकड़े आदि|
सड़ने - गलने  वाले तथा ना गलने वाले कचरे को गीले एवं सूखे कचरे के रूप में भी बांटा जा सकता है| साग- सब्जियों एवं फलों का छिलका, जीवो का मल मूत्र गीले कचरे के कुछ सामान्य उदाहरण हैं | कांच, सिरेमिक प्लास्टिक एवं धातु के टुकड़े, पॉलिथीन आदि सूखे कचरे के उदाहरण हैं|

(2) द्रव अपशिष्ट -
नालियों और सीवर का गंदा पानी और उर्वरक, चमड़ा शोधन, विद्युत उत्पादन केंद्रों तथा उद्योगों से निकलने वाला गंदा और विषैला जल द्रव अपशिष्ट के उदाहरण हैं |

(3) गैसीय अपशिष्ट -
लकड़ी एवं कोयले के जलने से निकलने वाला धुआं, कारखानों की चिमनियों से निकलने वाला धुआं, परिवहन के साधनों से निकलने वाला धुआं, कूड़ा करकट एवं मरे हुए जीवो के सड़ने से निकलने वाली गैसों की दुर्गंध आदि गैसीय अपशिष्ट हैं| इसी प्रकार चूल्हे, अंगीठी, सिगरेट, बीड़ी आदि से भी धुआं निकलता है| धुएँ में कार्बन के ऑक्साइड के अतिरिक्त कुछ अन्य हानिकारक गैसें व ठोस कणीय पदार्थ पाए जाते हैं| यह धुआँ  गैसीय अपशिष्ट का मुख्य उदाहरण है|



ई - कचरा -
घर और ऑफिस से ई- कचरा अर्थात इलेक्ट्रॉनिक कचरा भी निकलता है, जिसके अंतर्गत खराब कंप्यूटर, मोबाइल फोन, सी.डी. बैटरी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे- टी.वी., फ्रिज, वाशिंग मशीन, ए.सी. आदि आते हैं|

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्लोबल वार्मिंग ( हरित गृह प्रभाव )(Global warming or green house effect )

प्रदूषण ( Pollution )

पर्यावरण (Environment )